दिल्ली पुलिस के युवा कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाने में बेरोजगार युवाओं के लिए जॉब फेयर का आयोजन किया गया। जॉब फेयर का उद्घाटन संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने किया। इसमें 16 नामी कंपनियों ने हिस्सा लिया। 320 युवाओं ने इंटरव्यू दिया जिनमें से 260 को नौकरी मिल गई। नौकरी पाने वाले युवा भी पुलिस को थैंक्स बोलते नहीं थक रहे थे।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को पहचानकर उसको सही दिशा देने का काम युवा कार्यक्रम में किया जाता है। छात्रों की प्रतिभाओं और उनके कौशल की पहचान कर उसे रोजगार की ओर मोड़ने के लिए ही दिल्ली पुलिस ने युवा कार्यक्रम के तहत दिल्ली के विभिन्न थानों में छात्रों को ट्रेनिंग देना शुरू किया है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली में न्यू उस्मानपुर और ज्योति नगर थाने में ऐसी ट्रेनिंग दी जाती है। बृहस्पतिवार को आयोजित जॉब फेयर में 100-100 प्रशिक्षित युवाओं ने न्यू उस्मानपुर और ज्योति नगर में इंटरव्यू दिया। वहीं फेयर में रोहिणी और वसंतकुंज से आए 60-60 छात्रों ने भी इंटरव्यू दिए। 320 में से 260 युवाओं को कई इंटरव्यू के बाद नौकरी दे दी गई।