जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दी गई निजी सुरक्षा वापस ले ली है। विश्वविद्यालय ने कन्हैया को नोटिस भेजते हुए कहा है कि जब तक वो 5 लाख बकाया रुपए चुका नहीं देते तब तक उनकी सुरक्षा बहाल नहीं की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने कन्हैया कुमार की सुरक्षा को वापस लेने का निर्णय तब लिया जब जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव सौरभ कुमार ने भी वाइस चांसलर को अपनी जान पर खतरा बताकर सुरक्षा की मांग की। उन्होंने अपने खत में कन्हैया कुमार को दी गई सुरक्षा कवर का भी हवाला दिया है।
सूत्रों का कहना है कि वीसी से आदेश मिलने के बाद चीफ सिक्योरिटी अफसर ने बृहस्पतिवार को कन्हैया को दी गई सुरक्षा वापस ले ली। नाम ना उजागर होने की शर्त पर जेएनयू के एक अफसर ने बताया कि विश्वविद्यालय किसी एक शख्स की सुरक्षा पर इतने ज्यादा पैसे खर्च नहीं कर सकता। कैंपस सुरक्षित है और यहां हर तरफ सिक्योरिटी की व्यवस्था है।