फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेएनयू: 26 घंटे से डीन ऑफ स्टूडेंट्स बंधक, सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस

Sat, 09 Nov 2019 07:06 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
jnu - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस में नए हॉस्टल नियमों पर विद्यार्थियों और प्रबंधन के बीच तल्खी को लेकर महिला एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट प्रो. वंदना गुप्ता 26 घंटे से बंधक हैं । सूचना पर सादे कपड़ों में पुलिस जेएनयू पहुंच गई है। स्टूडेंट्स प्रोफेसर को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।  

विज्ञापन


उग्र विद्यार्थियों ने उन्हें कक्षा में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे से बंधक बनाया और खाने को भी कुछ नहीं दिया। वंदना हाई ब्लडप्रेशर की मरीज हैं। हालांकि उन्होंने विद्यार्थियों के इस्तीफा देने के दबाव को मानने से इनकार कर दिया।

अमर उजाला से बातचीत में प्रो. गुप्ता ने बताया कि वे स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज की कक्षा में रोज की तरह क्लास लेने पहुंची थीं। अचानक हाथों में ढफली लेकर काफी संख्या में विद्यार्थी भीतर आ गए और उनके कुछ समझने से पहले ही दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। बाहर भी छात्र धरने पर बैठ गए। 
विज्ञापन


उन्होंने कारण पूछा तो प्रदर्शनकारियों ने टाइप किया हुआ इस्तीफा उनके सामने रखकर हस्ताक्षर करने को कहा। उन्होंने कहा कि वे साथ ही लिखें कि मैं विश्वविद्यालय प्रबंधन के नए हॉस्टल नियमों से असहमत होकर इस्तीफा दे रही हैं। इस्तीफा देने से इनकार करने पर वे घेरकर बैठ गए।

पुलिस में नहीं दूंगी शिकायत
विद्यार्थियों की कैद में घंटों से फंसी प्रो. गुप्ता का कहना है कि एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट होने के नाते विश्वविद्यालय व छात्रों के प्रति उनकी जिम्मेदारियां हैं। इसलिए वे पद से दबाव में इस्तीफा नहीं देंगी। सुबह से उन्हें पानी मिल रहा है पर खाना नहीं। उन्होंने सुबह ब्लडप्रेशर की दवा खाई, लेकिन रात के लिए उनके पास नहीं है। उन्हें सिर्फ फोन सुनने की इजाजत है, किसी से मिलने की नहीं।

उधर, लगातार हड़ताल व विरोध के चलते विभिन्न स्कूलों के डीन ने प्रदर्शन खत्म करने की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। इसलिए विद्यार्थी विरोध धरना, हड़ताल आदि खत्म करके कक्षाओं में लौटें, ताकि लैब में भी प्रैक्टिस शुरू हो। छात्रों ने इसे ठुकरा दिया है।

कुलपति ने शेयर किया बंधक बनाने का वीडियो
कुलपति प्रो. एम जगदीश कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल से वंदना गुप्ता को बंधक बनाने का वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो विद्यार्थियों ने ही तैयार किया है। वीडियो में प्रो. गुप्ता क्लास रूम के अंदर कुर्सी पर बैठी हैं और चारों ओर छात्र ढफली के साथ विरोध दर्ज करा रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में प्रो. गुप्ता जमीन पर निढाल पड़ी हैं और छात्र विरोध जारी रखे हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें