जेएनयू के लापता छात्र नजीब अहमद की मां फातिमा नफीस ने उनकी शिकायत पर चल रहे मानहानि मामले की फाइल पटियाला हाउस कोर्ट से गायब होने का आरोप लगाया है। पटियाला हाउस अदालत की महानगर दंडाधिकारी अंबिका सिंह के समक्ष फातिमा नफीस की मानहानि शिकायत पर सुनवाई चल रही है।
कोर्ट में फातिमा का बयान शुक्रवार को दर्ज होना था, लेकिन कोर्ट स्टाफ ने बताया कि केस की फाइल नहीं मिल रही है। कोर्ट ने स्टाफ को फाइल तलाश करने की हिदायत देते हुए सुनवाई के लिए 15 दिसंबर 2018 की तारीख तय की है।
दरअसल, फातिया नफीस ने अंगेजी भाषा के दो समाचार पत्रों और एबीवीपी के छात्र नेता सौरभ भारद्वाज पर उनके बेटे नजीब को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए मानहानि की शिकायत दायर की थी। फातिमा का आरोप है कि इन लोगों ने झूठा समाचार प्रकाशित किया कि नजीब शायद आईएसआईएस में शामिल हो गया है। इस बात का दिल्ली पुलिस ने खंडन किया था।
शिकायतकर्ता के अधिवक्ता वीके ओहरी ने बताया कि आज तीन माह बाद इस शिकायत पर सुनवाई होनी थी। फातिमा नफीस शुक्रवार को कई टीवी चैनलों व सौरभ भारद्वाज के बारे में गवाही देने वाली थी, लेकिन उसके केस की फाइल ही नहीं मिली। इससे पहले उसने 26 मई 2018 को अपना बयान दर्ज कराया था और जब उसने अंग्रेजी समाचार पत्र का नाम लिया था तो कोर्ट ने उसे बीच में ही रोक दिया था।