- जेएनयू ने दाखिला संबंधी सूचना को लेकर ई-प्रोस्पेक्टस किया जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, एडवांस डिप्लोमा कोर्सेज में दाखिला को लेकर ई-प्रोस्पेक्टस जारी कर दिया है। जेएनयू के यूजी और पीजी में दाखिला सीयूईटी परीक्षा 2026 के आधार पर मिलेगा।
जेएनयू की ओर से जारी सूचना के अनुसार बीए(ऑनर्स) फॉरेन लैंग्वेज, बीएससी आयुर्वेद बायोलॉजी और सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफेसी कार्यक्रमों में दाखिला सीयूईटी(यूजी) 2026 के आधार पर मिलेगा। जबकि बीटेक कार्यक्रम में जेईई मेंस परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। एमए, एमएससी, एमपीएच, एमटेक, पीजी डिप्लोमा और एडवांस डिप्लोमा कार्यक्रम में दाखिला के लिए सीयूईटी पीजी 2026 की परीक्षा देनी होगी। जबकि एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और एमएसी कंप्यूटेशनल बायोलॉजी कार्यक्रम में दाखिला गेट-बी स्कोर के आधार पर मिलेगा। एमटेक कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग ऑफ स्कूल इंजीनियरिंग में दाखिला केंद्रीकृत काउंसलिंग (सीसीएमटी) के जरिए होगा। सीयूईटी परीक्षा के लिए सिलेबस एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
दाखिला के लिए सीयूईटी परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को अलग से आवेदन करना होगा। दाखिला संबंधी सूचना और अपडेट के लिए उम्मीदवारों को जेएनयू https://www.jnu.ac.in/ की वेबसाइट नियमित तौर पर देखने का परामर्श दिया गया है।
विदेशी छात्रों के लिए आवेदन शुरू
वहीं विदेशी छात्रों के लिए यूजी और पीजी कार्यक्रमों में दाखिला के लिए जेएनयू ने दाखिला कार्यक्रम जारी कर दिया है। विदेशी छात्रों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार https://www.jnu.ac.in/Admission/International लिंक पर आवेदन फॉर्म को डाउनलोड कर सकते है। दाखिला आवेदन की आखिरी तारीख 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म पोस्ट और ईमेल के जरिए जेएनयू प्रशासनिक ब्लॉक के अनुभाग अधिकारी को भेजना होगा।