मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 19 अगस्त को बीकानेर चौक के पास खड़ी एक कार की पिछली खिड़की तोड़कर तीन बैग चोरी करने की जानकारी मिली थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शिकायतकर्ता से पूछताछ की गई। शिकायतकर्ता जयपुर का एक ज्वेलर बताया जा रहा है, जो अपने कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आया हुआ था। उसके अनुसार, चोरी हुए बैगों में गहने और हीरे रखे थे, जिनकी कुल कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस जांच में स्पेशल स्टाफ और वाहन चोरी निरोधक शाखा की टीमों को सफलता मिली। फुटेज में हेलमेट पहने बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए।
पुलिस ने इन संदिग्धों की पहचान के लिए आगे की जांच की और बाइक के मालिक का पता लगाया। प्रारंभिक जांच के आधार पर, पुलिस ने बाइक मालिक और उसके दो भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।