जेवर-बुलंशहर हाईवे पर एक व्यक्ति की हत्या और 4 महिलाओं से कथित गैंगरेप के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी है। पीड़ित परिवार ने गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की थी।
एसडीएम शुभी काकन ने बताया कि शनिवार को एडीएम (फाइनेंस) घनश्याम सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार के घर जाकर उन्हें 5 लाख रुपये का चेक सौंपा।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस तेजी से तफ्तीश कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि मामले का बहुत जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
बता दें कि 24 मई की रात जेवर निवासी एक परिवार कार से जेवर-बुलंदशहर स्टेट हाईवे से बुलंदशहर में भर्ती परिवार की सदस्य को देखने जा रहा था। जेवर से करीब तीन किमी दूर रामनेर गांव के पास बदमाशों ने सड़क पर कील डालकर कार को पंक्चर कर दिया।
उसके बाद बदमाशों ने कार सवार चार महिलाओं, चार पुरुषों व एक बच्चे को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। चारों महिलाओं से रेप का परिवार के मुखिया ने विरोध किया तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हालांकि, इस मामले में बाद में एसएसपी लव कुमार ने गैंगरेप से इंकार किया था। उन्होंने कहा था कि मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है।