मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के निर्देशों का विभागों में असर दिखाई देने लगा है। विद्युत विभाग में अब कोई भी अधिकारी-कर्मचारी जींस और टी-शर्ट पहनकर आफिस नहीं आएगा। इसके अलावा जिले के विद्युत विभाग के सभी कार्यालयों एवं बिजली घरों में सफाई अभियान चलाया गया।
अधीक्षण अभियंता मुकुल सिंघल ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिलेभर के बिजलीघरों और कार्यालयों के लिए निर्देश जारी कर दिए गए कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी जींस और टीशर्ट नहीं पहनेंगे।
यदि कोई इस ड्रेस में काम करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उस दिन उसे गैरहाजिर कर दिया जाएगा। सर्विस बुक में भी अनुशासनहीनता दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जिलेभर में विभाग की ओर से अभियान चलाकर कार्यालयों की साफ-सफाई की गई।
विभाग में अब यदि किसी व्यक्ति की समस्या का समाधान अफसरों ने नहीं किया अथवा किसी कर्मचारी ने परेशान किया तो उसकी खैर नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को परेशान किया जाता है और वह अधीक्षण अभियंता अथवा डीएम से शिकायत करता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।