हाईकोर्ट ने इनेलो नेता अजय सिंह चौटाला को परीक्षा देने के लिए दो दिन की पैरोल दी है। हरियाणा के जेबीटी भर्ती घोटाला केस में अजय चौटाला अपने पिता ओमप्रकाश चौटाला के साथ तिहाड़ जेल में 10 साल कैद की सजा काट रहे हैं। सीबीआई अदालत ने जनवरी 2013 में पिता-पुत्र समेत 55 दोषियों को सजा सुनाई थी।
जस्टिस विनोद गोयल ने हरियाणा के सिरसा में पीजी डिप्लोमा इन काउंसलिंग एंड बिहेवियर मैनेजमेंट की परीक्षा देने के लिए दो दिन की पैरोल प्रदान की है। उन्हें एक जुलाई को सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है।
दिल्ली सरकार के अधिवक्ता ने विरोध करते हुए कहा अजय चौटाला को पैरोल प्रदान करने की बजाय पुलिस हिरासत में परीक्षा देने के लिए सिरसा भेजा जाए। याची के वकील अमित साहनी ने कहा कि यह परीक्षा सिरसा में होनी है और दिल्ली से वहां तक पहुंचने में पांच घंटे का समय लगता है। पांच घंटे की यात्रा के बाद परीक्षा में शामिल होना संभव नहीं है। कोर्ट ने इन दलीलों पर सहमति जताते हुए चौटाला को दो दिन पैरोल प्रदान की है।