जयंत चौधरी सिंघु बॉर्डर पहुंचे...
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी बुधवार को सिंघु बार्डर पहुंचे और उन्होंने आंदोलन में शामिल होकर किसानों की मांगों के साथ एकजुटता दिखाई। उन्होंने आंदोलनकारियों को खाना खिलाया और भोजन सामग्री का वितरण किया। वहीं, किसान नेताओं के साथ मुलाकात में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान आंदोलन के साथ खड़ा रहेगा।
जयंत चौधरी ने कहा कि वह और उनकी पार्टी हमेशा से किसानों के साथ रही है। किसान की सेवा ही उनके व पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए पुण्य है। आंदोलन में शामिल होने के बावजूद भी उन्होंने मंच पर जाने से इनकार कर दिया।
इस दौरान जयंत चौधरी ने खुद किसानों को खाना परोसा और भोजन सामग्री वितरित की। साथ ही आंदोलनकारियों के साथ हर वक्त खड़े होने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश के किसान संकट में हैं, ऐसे में उनकी सेवा करना मेरा कर्तव्य है। तीनों नए कृषि कानून किसानों पर थोपे गए हैं, जो किसानों के बजाय कॉरपोरेट को लाभान्वित करेंगे। केंद्र सरकार को इसे वापस लेना चाहिए।