उमर की पार्टी ने उनके पूछताछ में शामिल होने के बाद बयान जारी करते हुए कहा है कि यद्यपि यह पूरा क्रिया कलाप राजनीतिक है, वह अपनी तरफ से पूरा सहयोग करेंगे क्योंकि वह गलत नहीं हैं।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वीरवार को लगभग पांच घंटे तक 12 साल पहले जम्मू-कश्मीर बैंक की ओर से मुंबई में एक इमारत खरीदे जाने के मामले में पूछताछ की। यह खरीद उनके मुख्यमंत्रित्व काल में की गई थी।
विज्ञापन
नेकां नेता वीरवार सुबह 11 बजे नई दिल्ली में जांच एजेंसी के मुख्यालय पहुंचे जहां इस साल की शुरुआत में ईडी द्वारा दर्ज मामले के संबंध में उनका बयान दर्ज किया गया। ईडी कार्यालय से निकलते हुए उमर ने कहा कि वह इस मामले में आरोपी नहीं हैं।
उन्होंने मुझे लगभग 12 साल पुराने एक मामले में चल रही जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया। जितना हो सकता था मैंने उन्हें उत्तर दिया। अगर उन्हें मेरी जरूरत होगी तो मैं उनकी और मदद करूंगा। उन्होंने मुझ पर कोई भी आरोप नहीं लगाया।
विज्ञापन
ईडी प्रवक्ता के अनुसार मामला 2010 में मुंबई के बांद्रा कुर्ला में जम्मू-कश्मीर बैंक की इमारत की खरीद से संबंधित है जब तत्कालीन राज्य के पूर्व वित्त मंत्री हसीब द्राबू इसके अध्यक्ष थे। मुंबई में एक इमारत की तलाश के लिए द्राबू की अध्यक्षता में दो सदस्यीय समिति का गठन किया गया था।
उनकी सिफारिश के आधार पर इमारत (जो अब तक बैंक की सबसे बड़ी संपत्ति है) को खरीद के लिए मंजूरी दे दी गई थी। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री की भूमिका इसके अध्यक्ष की नियुक्ति को मंजूरी देने तक सीमित थी।