विवादित बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के मंगलवार को जेएनयू में स्क्रीनिंग को लेकर हुए बवाल के बाद अब बुधवार को जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में इसके स्क्रीनिंग की योजना बनाई गई। लेकिन स्क्रीनिंग से पहले ही छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। विश्वविद्यालय के बाहर नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। उधर, जामिया प्रशासन ने कहा है कैंपस में किसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं है। इसे लेकर कैंपस में पोस्टर भी लगाया गया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने चेताया कि नियम की अवहेलना पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
जामिया में आज शाम छह बजे के बाद बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग होनी थी। हालांकि आज दिन में ही जामिया के गेट नंबर आठ से पुलिस ने इस मामले में चार छात्रों को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद से ही छात्र विश्वविद्यालय कैंपस में हंगामा कर रहे हैं।
जामिया ने रखा अपना पक्ष
डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग के मुद्दे पर जामिया प्रशासन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि बिना अनुमति के कैंपस में छात्रों की कोई बैठक या किसी भी फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं होगी। विश्वविद्यालय हर वो कदम उठा रहा है जिससे कैंपस की शांति भंग न हो।
जादवपुर यूनिवर्सिटी में भी आज शाम होगी स्क्रीनिंग
पश्चिम बंगाल के जादवपुर यूनिवर्सिटी में भी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग होगी।