जामिया मिल्लिया इस्लामिया विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी जागृत करेगा। कैंपस में भारतीय नौसेना का सर्वाधिक ताकतवर युद्धपोत आईएनएस का मॉडल लगाया गया है।
इसका उद्देश्य छात्रों को सैनिकों और सेना में नौकरी करने के प्रति जागरूक करना है। आईएनएस कोलकाता का मॉडल भारतीय नौसेना ने जामिया को तोहफे में दिया है। आजादी के जश्न के दौरान इसे छात्रों, शिक्षकों को समर्पित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. नजमा अख्तर के मुताबिक, सेंटर फॉर इंफोरमेशन टेक्नोलॉजी के सामने ग्राउंड में आईएनएस, कोलकाता के मॉडल को प्लेटफार्म के ऊपर रखा गया है। करीब 12 लाख रुपये से निर्मित इस मॉडल को शीशे से कवर किया जा रहा है, ताकि छात्र दूर से ही इस भारतीय इंजीनियर द्वारा तैयार सर्वाधिक ताकतवर युद्धपोत से रूबरू हो सकें।
कुलपति प्रो. अख्तर के मुताबिक, जामिया और भारतीय नौसेना के बीच अकादमिक समझौते हुए हैं। इसके तहत जामिया दूरस्थ के अलावा अन्य डिग्री प्रोग्राम में भारतीय नौसेना के जवानों व अधिकारियों के लिए स्पेशल बैच चलाता है। इसका मकसद देशसेवा में लगे भारतीय नौसेना के जवानों व अधिकारियों की उच्च शिक्षा को पूरा करवाना है। इसी के चलते भारतीय नौसेना ने आईएनएस कोलकाता का मॉडल जामिया को तोहफे में दिया है।