जामिया प्रशासन ने छात्र संघ संविधान 15 मई, 2027 तक पूरा करने और फिर छह सप्ताह में चुनाव कराने का निर्देश दिया। कार्रवाई रद होने पर छात्रों ने भूख हड़ताल समाप्त की।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच जामिया प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने छात्रसंघ के संविधान को 15 मई 2027 तक मंजूरी देकर लागू करने का निर्देश दिया है। जामिया में अगले वर्ष जुलाई में नया सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के अंदर चुनाव होंगे। इस संबंध में जामिया के रजिस्ट्रार प्रो. एम. महताब आलम रिजवी ने आदेश जारी किया।
तीन प्रमुख मांगें स्वीकारीं
एक छात्र ने बताया कि विश्वविद्यालय ने उनकी तीन प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं। पहली मांग के तहत, जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ संविधान का अनुमोदन और कार्यान्वयन 15 मई, 2027 तक पूरा होगा। दूसरी मांग के अनुसार, चुनाव शैक्षणिक सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के भीतर, लगभग 16 जुलाई, 2027 से छह सप्ताह में होंगे। तीसरी मांग में विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाई रद करने की बात शामिल है। इन घोषणाओं के बाद छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।