- बिलकिस बानो के समर्थन में प्रदर्शन के लिए जुटे थे विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य
- निर्धारित स्थल के बजाय सेंट्रल कैंटीन के बाहर प्रदर्शन करने पर मांगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने निर्धारित स्थल के बजाय सेंट्रल कैंटीन के बाहर प्रदर्शन करने पर 10 से अधिक छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सोमवार को बिलकिस बानो मामले के संबंध में विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्यों ने कैंटीन के बाहर प्रदर्शन किया था। चीफ प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में छात्रों से पूछा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। इसके लिए लिखित जवाब मांगा गया है।
नोटिस के अनुसार, छात्रों ने निर्धारित प्रदर्शन स्थल से हटकर सेंट्रल कैंटीन के बाहर सभा की और परिसर में प्रदर्शन संबंधी नियमों का उल्लंघन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत जामिया में गेट नंबर-18 को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य कैंटीन के बाहर जुटे। प्रदर्शन में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्टर भी साझा किए गए थे। इस दौरान भाषण और नारेबाजी हुई, जिससे परिसर की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं। वहीं, विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी चल रही हैं।
नोटिस पाने वाले छात्रों में अलग-अलग विभागों के फैजान अहमद, मोहम्मद आकिब, एबिन, ओसामा खान और साहिल फिरोज खान सहित अन्य छात्र शामिल हैं। इनमें आठ छात्र जामिया की एनएसयूआई इकाई के बताए जा रहे हैं। नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्रों ने सुरक्षा कर्मचारियों को अपने पहचान पत्र नहीं दिखाए। इसे विश्वविद्यालय के अध्यादेश-14 के तहत अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचार माना गया है। कुछ छात्रों को पहले जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का भी इसमें उल्लेख किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
जामिया के एक अधिकारी ने बताया कि सेंट्रल कैंटीन के आसपास करीब 10 विभाग संचालित होते हैं। परीक्षा के दौरान इस क्षेत्र में प्रदर्शन जैसी गतिविधियों से शैक्षणिक और सामान्य कामकाज प्रभावित होता है। इसे देखते हुए करीब 10 से 12 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।