जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने गुरुवार शाम बारहवीं कक्षा के रेगुलर साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम के परिणाम घोषित कर दिए हैं। नतीजे www.jmicoe.in पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। जानकारी यह भी है कि आज ही 10वीं के परिणाण भी घोषित कर दिए जाएंगे। कोविड-19 के चलते लॉकडाउन के बावजूद, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने जामिया स्कूलों के छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा नतीजे घोषित करने को शीर्ष प्राथमिकता दी है।
जामिया की वाइस चांसलर प्रो. नजमा अख्तर ने सफल छात्रों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे देश के निर्माण में सार्थक योगदान देंगे और जामिया का नाम बुलंद करेंगे। उन्होंने समय पर नतीजों की घोषणा के लिए सीओई और उनके कार्यालय के कर्मचारियों की सराहना की।
कक्षा बारहवीं की परीक्षाओं में कुल 820 छात्रों ने हिस्सा लिया जिनमें 371 लड़कियां और 449 लड़के थे। लड़कियों का पास प्रतिशत 98.3 रहा और लड़कों का 96.6 प्रतिशत। दोनों का मिलाकर पासिंग प्रतिशत 97.8 प्रतिशत है।
जामिया के तीन स्कूलों, जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जेजीएसएसएस), जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जेएसएसएस) और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एसएएचएसएसएस) के कुल 535 छात्रों ने 75 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए।
साइंस स्ट्रीम में वैभव मिश्रा (जेएसएसएस) ने 95.6 प्रतिशत के साथ टॉप किया, मोहम्मद उमैर अली खान (एसएएचएसएसएस) ने 95.2 प्रतिशत के साथ दूसरा और वाडिया अली (जेजीएसएसएस) ने 95 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
कॉमर्स स्ट्रीम में सिदरा हसन (एसएएचएसएसएस) ने 96.6 प्रतिशत के साथ टॉप किया, इरतजा अजीज खान (जेएसएसएस) ने 95.4 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और अलीना खान (जेएसएसएस) ने 94.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
आर्ट्स स्ट्रीम में सैयद मुहम्मद खालिद (जेएसएसएस) ने 98.4 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया, ईशा काजमी (जेजीएसएसएस) 97.6 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और निदा परवेज (जेजीएसएसएस) और अफीफा कवी (जेएसएसएस) ने 95.40 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाया।