फिरोजपुर झिरका उपमंडल के गांव जमालगढ़ के ग्रामीण बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते दस दिनों से बिजली के भारी संकट से जूझ रहे हैं। गांव में बिजली न आने के चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के अलावा भारी गर्मी का शिकार होना पड़ रहा है।
हालांकि इसको लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग को अवगत करा दिया है, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष बना हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एसडीओ को पत्र लिखकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
उपमंडल के गांव जमालगढ़ के निवासी सलमान खान, साजिद खान, इरफान खान, न्याज मोहम्मद, सहाबुदीन और शेर मोहम्मद ने बताया कि बस अड्डे से सटे उनके मोहल्ले का ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है, जिसके चलते उनके गांव की बिजली आपूर्ति दस दिनों से बाधित पड़ी हुई है।
इसको लेकर कई बार संबंधित विभाग के फोरमैन तथा अन्य बिजली कर्मियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को बिजली पानी के लिए हलाकान होना पड़ रहा है। वहीं इसके अलावा गांव के सरकारी स्कूल की बिजली भी इसके कारण बाधित हुई पड़ी है, जिससे तंग आकर विद्यार्थियों ने स्कूल तक आना छोड़ दिया है। इस बीच ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर विभाग के एसडीओ को पत्र लिखकर गांव में बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस संदर्भ में बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता हरीश चंद ने बताया कि वह बुधवार को स्वयं मौके पर जाकर संबंधित गांव की बिजली आपूर्ति को बहाल करवाने का प्रयास करेंगे, जिस भी कर्मचारी ने अपनी ड्यूटी में इस संदर्भ में कोताही बरती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।