जामा मस्जिद ब्लास्ट 2010 मामले में आरोपी इंडियन मुजाहिदीन के कथित सदस्य एजाज शेख की पुलिस रिमांड मंगलवार को बीस दिन के लिए बढ़ा दिया है। पुलिस ने दस दिन का रिमांड पूरा होने पर शेख को अदालत में पेश किया था।
पटियाला हाउस स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रीतेश सिंह ने स्पेशल सेल के आवेदन पर सुनवाई के बाद एजाज शेख को छह अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने अपने आवेदन में कहा कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी की कॉल डिटेज, लैपटॉप व दूसरी सामान की डिटेल खंगालनी है।
पुलिस ने एजाज शेख को पांच सितंबर को यूपी के सहारनपुर से ज्वाइंट ऑपरेशन गिरफ्तार किया था। पुलिस ने शेख को गिरफ्तारी के बाद दिल्ली लाकर छह सितंबर को अदालत में पेश किया था।
तीन माह से शेख खुफिया एजेंसियों के रडार पर था। एजेंसियों के मुताबिक शेख इंडियन मुजाहिदीन का खास आदमी है और वह खामोशी से तकनीकी, लोजिस्टीक व हवाला का काम देखता था। पुलिस के मुताबिक ब्लाट में शेख की खास भूमिका रही है। उसे आईएम के पूरे ऑपरेशन की जानकारी थी और वह उसके शामिल था।
सुभान व असाहबुद्दीन की न्यायिक हिरासत बढ़ी
लश्कर तैयबा के कथित आतंकी अब्दुल सुभान व उसके भतीजे असाहबुद्दीन की न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए तीस सितंबर तक जेल भेज दिया है। न्यायिक हिरासत अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रीतेश सिंह की अदालत में अब्दुल सुभान व असाहबुद्दीन को मंगलवार को पेश किया गया। पुलिस के आवेदन पर सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को तीस सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने अब्दुल सुभान को बीस मई व असाहबुद्दीन को कोलकाता जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर 27 मई को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि दोंनों आरोपी लश्कर के आतंकी हैं।