नई दिल्ली।
राजधानी में गहराते जलसंकट को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली जल बोर्ड में पिछले एक महीने से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद खाली होने के कारण पानी प्रबंधन प्रभावित हुआ है और भाजपा सरकार जानबूझकर दिल्लीवासियों को पानी के लिए तरसा रही है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच दिल्ली के कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत है। उनके अनुसार कुछ क्षेत्रों में लोगों को एक महीने और कई इलाकों में 10 से 15 दिनों तक नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे हालात गंभीर हैं। उन्होंने दावा किया कि पानी की आपूर्ति का पूरा दायित्व दिल्ली जल बोर्ड के पास है, लेकिन शीर्ष प्रशासनिक पद खाली होने के कारण नीतिगत फैसले नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर तैयारी में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गर्मियों में पानी की मांग बढ़ने की बात का सरकार को पहले से अंदाजा होना चाहिए था। इसके बावजूद जल बोर्ड में सीईओ की नियुक्ति नहीं की गई, जिससे जल संकट और गहरा गया।