आरोपपत्र के अनुसार, फरार आठ आरोपियों सांवर कालिया, सद्दाम खान, सलमान, आशानूर, इशराफिल, जहांगीर, हसमत और शेख सिकंदर के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्यवाही चल रही है। आरोपपत्र में कहा गया है कि पुलिस ने आरोपियों से कुल नौ आग्नेयास्त्र, पांच कारतूस, दो कारतूस के खोखे, घटना के समय और वीडियो में देखे गए 11 आरोपियों से नौ तलवार और कपड़े बरामद किए गए हैं। कुसल सिनेमा रोड के आसपास स्थापित लोक निर्माण विभाग के 28 कैमरों के सीसीटीवी फुटेज, सी-ब्लॉक, जहांगीरपुरी के आसपास स्थापित पीडब्ल्यूडी के 30 कैमरों की फुटेज लेकर उनका विश्लेषण किया गया। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से 34 वायरल वीडियो और अन्य 56 वीडियो एकत्र किए गए जिनका विश्लेषण किया गया।
गिरफ्तार किए गए 37 आरोपियों में से 20 सीसीटीवी फुटेज/वायरल वीडियो में कैद हो गए थे। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीक की मदद ली गई है। आरोपियों के पास से कुल 21 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मामले में कुल 132 गवाहों से पूछताछ की गई, जिनमें से 85 पुलिस और 47 सार्वजनिक व्यक्ति/डॉक्टर और अन्य हैं।
आरोपियों की पृष्ठभूमि के विवरण, डंप डेटा, तकनीकी (एफआरएस) विश्लेषण, वायरल वीडियो संग्रह, सीसीटीवी फुटेज संग्रह आरोपियों की गिरफ्तारी, वित्तीय पहलू और साजिश आदि के सत्यापन के लिए कुल 13 टीमों को तैनात किया गया था।