पाकिस्तान की आईएसआई ने दिल्ली के मंदिर, ढाबे और हरियाणा के सैन्य शिविर पर हमले की साजिश रची। दिल्ली पुलिस ने नौ गुर्गों को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ में यह खुलासा हुआ।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत राजमार्ग पर एक लोकप्रिय ढाबे और हरियाणा के एक सैन्य शिविर पर हमले की कथित साजिश रची थी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सूत्रों ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने 'गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0' के तहत कई राज्यों से मॉड्यूल के नौ कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया। इन गुर्गों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ है। जांचकर्ताओं ने पाया कि एक आरोपी ने दिल्ली के ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। उसने परिसर की तस्वीरें पाकिस्तान स्थित आकाओं को सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से भेजी थीं। मॉड्यूल ने मंदिर पर तैनात पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। उनका इरादा दहशत और व्यवधान पैदा करने के लिए गोलीबारी करने का था।
आरोपियों को दिल्ली-सोनीपत राजमार्ग पर एक प्रसिद्ध ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का भी काम सौंपा गया था। इस ढाबे पर प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान और हताहतों की संख्या हो सकती थी। सूत्रों ने यह भी बताया कि हिसार में एक सैन्य शिविर का भी कथित तौर पर सर्वेक्षण किया गया था। इस क्षेत्र के वीडियो सीमा पार आकाओं के साथ साझा किए गए थे। उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी आईएसआई की टारगेट लिस्ट में थे।