अपराध शाखा की एसआईटी जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष आइशी घोष से फिर पूछताछ कर सकती है। आइशी घोष ने एसआईटी से कहा था कि वे हिंसा से जुड़े वीडियो और फोटो सौंपेंगी। उनके बुधवार या गुरुवार को आने की संभावना है। उनसे एसआईटी के कुछ सवाल तभी पूछे जाएंगे। एसआईटी ने 35 गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं। इनमें सिक्योरिटी गार्ड व हिंसा में घायल छात्र शामिल हैं।
अपराध शाखा की स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) ने आइशी से 12 जनवरी को छात्रसंघ कार्यालय में पूछताछ की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी शिकायत को ही बयान बताया था। अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आइशी ने कहा था कि वे जल्द ही फिर आएंगी और सबूत देंगी। उन्होंने अन्य छात्रों से वीडियो व फोटो लेकर एसआईटी को देने के लिए कहा था। एसआईटी के अधिकारियों का कहना है कि आइशी आएंगी तो उनसे सवाल पूछे जाएंगे। उधर, पुलिस अधिकारी आइशी से मिलने वाले सबूतों का भी इंतजार कर रहे हैं।
दूसरी तरफ, हिंसा के वायरल वीडियो में जिस लड़की को पुलिस ने डीयू के दौलतराम कॉलेज की छात्रा कोमल शर्मा बताया था, उसके घर का पता अब तक नहीं मिला है। न ही एसआईटी को वह पत्र मिला है, जो कोमल शर्मा ने राष्ट्रीय महिला आयोग को दिया था। एसआईटी के अधिकारियों के अनुसार, कोमल शर्मा को उनके व्हाट्स एप पर पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस भेज दिया गया है। हालांकि कोमल शर्मा का मोबाइल बंद आ रहा है।
बुधवार को पेश होंगे दो छात्र
एसआईटी के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को जेएनयू के दो छात्रों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, मगर दोनों ही पेश नहीं हुए। अब ये दोनों छात्र बुधवार को पूछताछ में शामिल होंगे। उधर, एसआईटी की जांच काफी धीमी हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी में शामिल कई पुलिस अधिकारियों की गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में ड्यूटी लग गई है। इस कारण हिंसा की जांच की गति प्रभावित हुई है।