नई दिल्ली।
एमसीडी के शिक्षा विभाग की संचालित पीएम-पोषण (मिड-डे मील) योजना के तहत चल रहे एक मिड डे मील किचन में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी के औचक निरीक्षण में खाद्यान्न स्टॉक को लेकर गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने किचन के संचालक को नोटिस जारी किया और 12 घंटे में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
अमित खरखड़ी ने भारतीय मानव कल्याण परिषद की ओर से संचालित मिड-डे मील किचन का निरीक्षण किया। निरीक्षण में किचन में उपलब्ध वास्तविक खाद्यान्न स्टॉक और रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक के बीच विसंगति मिलीं। इस बारे में मिड डे मील आपूर्ति एजेंसी के प्रतिनिधि कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। शिक्षा विभाग ने इस लापरवाही को गंभीर और अस्वीकार्य बताते हुए इसे कार्य आदेश (वर्क ऑर्डर) की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन करार दिया है और संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में संस्था को 12 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने और समर्थन में सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अमित खरखड़ी ने कहा कि मिड-डे मील योजना बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और भविष्य से सीधे जुड़ी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।