कई लोगों से ठगी के मामले में इरा ग्रुप के फरार निदेशक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुमित भड़ाना की कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मकान देने का वादा कर कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि शिकायत पर कंपनी की ओर से खरीदारों को जमा रकम के चेक थमा दिए गए। लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए। इस मामले में कंपनी की ओर से निदेशक सुमित भड़ाना अदालत में पेश नही हुआ।
अप्रैल में साकेत कोर्ट ने चार मामलों में उसे भगोड़ा घोषित कर सीआर पार्क थाने में चार मुकदमे दर्ज करने के आदेश दिए। इसी तरह ग्रेटर कैलाश-1 थाने में भी चार मामले दर्ज हुए। तभी से पुलिस सुमित की तलाश कर रही थी।
पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सीआर पार्क थाने में मामले दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर स्थित उसके ठिकानों पर दबिश दी।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी का दफ्तर नोएडा में है। लेकिन वह वहां से भी लापता हो गया था। इस बीच आरोपी सुमित भड़ाना लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा।
टेक्निकल सर्विलांस व अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार को दक्षिण दिल्ली के सर्वोदय एंक्लेव से आरोपी सुमित भड़ाना को दबोच लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी और उसकी कंपनी ने कितने लोगों के साथ ठगी की है। पुलिस बुधवार को आरोपी सुमित को संबंधित अदालत में पेश करेगी।