फिरोजशाह कोटला मैदान में कल दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच टी-20 का आईपीएल क्रिकेट मैच खेला जाएगा। मैच दोपहर 3 बजे से शाम 7.30 बजे तक चलेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला के अनुसार स्टेडियम के पास सीमित पार्किंग हैं। इसमें सिर्फ लेवल लगे वाहन पार्क होंगे। मैच वाले दिन बहादुरशाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर दोनों कैरिज्वे पर वाहनों को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। आईपीएल मैच को देखते हुए रविवार को डायवर्जन किया जाएगा। मैच शुरू होने के समय करीब आधा घंटा ट्रैफिक बाधित रहेगा।
इस दौरान विष्णु दिगंबर मार्ग से बहादुरशाह जफर मार्ग, राजघाट से लेकर जेएलएन मार्ग, दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग, गुरु नानक चौक से आसफ अली मार्ग तक वाहनों के आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि दोपहर दो बजे से लेकर रात साढ़े आठ बजे तक राजघाट से जेएलएन मार्ग, जेएलएन मार्ग पर कमला मार्केट गोल चक्कर से दिल्ली गेट, आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट, बहादुरशाह जफर मार्ग पर रामचरण अग्रवाल चौक से दिल्ली गेट की तरफ आने से बचें।
मैच देखने के लिए आनों वालों के लिए पार्क एंड राइड की सुविधा माता सुंदरी पार्किंग और शांतिवन पार्किंग से मिलेगी। लेवल लगे वाहन चालक रिंग रोड, जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड और बहादुरशाह जफर मार्ग से जाकर दिल्ली गेट से यू-टर्न ले सकते हैं। पी1, पी1ए, पी3 और पी4 लेवल वाले वाहन बहादुरशाह जफर मार्ग होकर जा सकते हैं। इसके अलावा डीटीसी व डीडीसीए भी प्रगति मैदान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से विशेष बसें चलाएंगी।