एसएससी समेत ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाला गिरोह के तार परीक्षा केंद्रों से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। 31 जुलाई को नोएडा एसटीएफ की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपी लोकेश से पूछताछ में सामने आया है कि नकल कराने वाला यह नेटवर्क सिर्फ अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने तक सीमित नहीं था। गिरोह से जुड़े जालसाजों की परीक्षा केंद्रों में भी हिस्सेदारी थी। एसटीएफ के मुताबिक नेटवर्क से जुड़े आरोपी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं और तकनीकी सिस्टम की जानकारी जुटाकर नकल कराते थे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले इस संगठित नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- राजकुमार मिश्र, एसपी, एसटीएफ
दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा भी रडार पर
लोकेश से पूछताछ के बाद अब दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा समेत कई अन्य प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में उपकरणों के इस्तेमाल की जांच की जा रही है। एसटीएफ यह मिलान कर रही है कि लोकेश ने कब-कब किस गिरोह को उपकरण दिए और उसी अवधि में संबंधित राज्यों में कौन-कौन सी ऑनलाइन भर्ती परीक्षाएं आयोजित हुई थीं। यदि सप्लाई और परीक्षा की तारीखों के बीच संबंध मिलता है तो जांच तेजी से आगे बढ़ेगी।