बिहार, ओडिशा, हरियाणा और पंजाब से जुड़े नेटवर्क का खुलासा 2.3 करोड़ रुपये का 765.6 किलोग्राम गांजा, नकदी और सोने के आभूषण बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने बिहार, ओडिशा, हरियाणा और पंजाब से जुड़े अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.3 करोड़ रुपये मूल्य का 765.6 किलोग्राम गांजा, चार लाख रुपये नकद, 126 ग्राम सोने के आभूषण और तस्करी में इस्तेमाल किए गए आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में शामिल रह चुका है।
जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए 20 जून से अभियान शुरू किया। इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंधु के नेतृत्व में टीम ने पीतमपुरा के मधुबन चौक के पास दिल्ली के शकूरपुर निवासी अशोक कुमार (40) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 22.610 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। 21 जून को रानी बाग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में अशोक ने बताया कि गांजे की आपूर्ति ओडिशा से अजीत सिंह नामक व्यक्ति करता था। वित्तीय जांच और तकनीकी निगरानी के दौरान उसकी पहचान बिहार के पटना निवासी इंदरजीत राय के रूप में हुई। पुलिस टीम ने करीब 36 घंटे तक कई राज्यों में पीछा करने के बाद 10 जुलाई को लुधियाना में इंदरजीत राय और उसके सहयोगी नितीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों की निशानदेही पर लुधियाना के जमालपुर स्थित किराये के गोदाम में छापा मारकर 743 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से गिरोह के एक अन्य सदस्य धर्मेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि गोदाम का इस्तेमाल गांजे की बड़ी खेप जमा कर हरियाणा और पंजाब के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति के लिए किया जाता था। पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।