फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में आज से सजेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला

विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से शुक्रवार को परदा उठ जाएगा। प्रगति मैदान के हंस ध्वनि थियेटर में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी इसका उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री निर्मला सीतारमन भी मौजूद रहेंगी। 14-18 नवंबर के बीच ट्रेड फेयर में कारोबारियों की एंट्री होगी। 19-27 नवंबर के बीच आम दर्शक मेले का लुत्फ उठा सकेंगे। 34वें व्यापार मेले की थीम महिला उद्यमिता है।
विज्ञापन


आईटीपीओ की सलाह है कि ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्याओं से बचने के लिए दर्शकों को दिल्ली मेट्रो से सफर करना चाहिए। स्टेशन पर न सिर्फ ट्रेड फेयर का टिकट मिलेगा। वहीं, प्रगति मैदान या आईपी स्टेट मेट्रो स्टेशन से मेले के एंट्री गेट तक पहुंचने के लिए लगातार चलने वाली शटल बसें मिलेंगी। यही नहीं, वापसी में दर्शकों को मेट्रो स्टेशन की भीड़ से बचाने के लिए सभी गेट पर टिकट मिलेंगे। यहां से वापसी का टिकट खरीदा जा सकता है।

ट्रेड फेयर का टिकट पहले पांच दिनों तक 30 मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगा। जबकि बाकी दिनों में दिल्ली-एनसीआर के सभी मेट्रो स्टेशनों पर टिकट मिलेगा। 19 तारीख से सामान्य दिनों में टिकट के दाम व्यस्क के लिए 50 रुपये व बच्चों के लिए 30 रुपये होंगे, जबकि अवकाश या शनिवार-रविवार के दिन व्यस्क के लिए 80 रुपये व बच्चों के लिए 50 रुपये होंगे।
विज्ञापन

इस बार साझेदार देश दक्षिण अफ्रीका है।

जबकि फोकस कंट्री थाइलैंड व फोकस स्टेट दिल्ली है। मेले की थीम महिला उद्यमिता पर सभी राज्य अपनी पेवेलियन तैयार कर रहे हैं। वहीं, पहली बार हॉल नंबर-14 के सामने इनोवेशन पेवेलियन तैयार हो रहा है। इसमें खास तौर से आधुनिक तकनीकों पर विकसित यंत्रों का प्रदर्शन होगा। पेवेलियन में देश भर के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

जाने से पहले इन छह सुविधाओं के बारे में जानते रहें

स्वास्थ्य जांच होगी
स्वास्थ्य मंत्रालय पहली बार मेले में जांच शिविर लगाने जा रहा है। 70 हजार से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग 60 डॉक्टरों की टीम सात प्वाइंट पर मोबाइल वैन के माध्यम से बीपी, दांत, हार्ट, हाइपर टेंशन, कैंसर समेत कई बीमारियों की जांच करेगी।

महिलाओं का पवेलियन
मेले में पहली बार महिलाओं का अपना पवेलियन होगा, जहां वे घरों में तैयार सामान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेगी। उनके प्रोडेक्ट को बेहतर मंच देने के लिए आधे दामों पर स्टॉल दिए गए हैं।

मैदान के अंदर नहीं है पार्किंग
पेड पार्किंग दिल्ली चिड़ियाघर, भैरो मार्ग, प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन व पुराना किला पर है। कार/जीप के लिए 150 रुपया, मोटरसाइकिल पार्क करने के लिए 75 रुपया शुल्क रखा गया है। दर्शकों के लिए प्रगति मैदान के भीतर पार्किंग नहीं है।

बस से एंट्री गेट तक
दर्शकों के लिए प्रगति मैदान के चारों तरफ डीटीटीडीसी नियमित तौर पर लो फ्लोर बसें चलाएगा। गेट नंबर-2 के बस स्टैंड से चलकर बसें भैरो मार्ग, आईपी मेट्रो स्टेशन, आईटीओ, प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन होती हुई, मथुरा रोड स्थित गेट नंबर-7, 5, 3, 2 होती हुई गेट नंबर-1 के बीच चक्कर लगाएगी।

कारोबारियों को सभी गेट से मिलेगा प्रवेश
कारोबारी टिकट दिखाकर सभी गेट से एंट्री कर सकते हैं। काउंटर पर कार्ड दिखाने पर एक किट मिलेगी। इसमें पूरे ट्रेड फेयर का ब्योरा रहेगा। एक दिन का टिकट शुल्क 400 रुपये व पूरे फेयर का 1500 रुपये होगा। टिकट मेट्रो स्टेशन के अलावा प्रगति मैदान के गेट नंबर-1 व 2 पर मिलेगा।

अफ्रीका के अनूठे शिल्प होंगे
भागीदार देश दक्षिण अफ्रीका का मंडप आईटीपीओ कार्यालय के नजदीक है। यहां स्थानीय उत्पाद, खाद्य पदार्थ, हस्तशिल्प, आदि का प्रदर्शन किया गया है। साथ ही अफ्रीकी डिजाइन के अनूठे शिल्पों का भी प्रदर्शन होगा। इसके अलावा मंडप में अफ्रीका की अग्रणी उद्यमियों भी मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन

पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है। स्पेशल टीम किसी भी तरह की बदसलूकी या आपराधिक वारदात की सुनवाई करके मामला दर्ज करने में इनकी मदद करेगी।

वहीं, मनचलों पर नजर रखने के लिए पूरे मेले परिसर में महिला पुलिसकर्मियों की टीम सादी वर्दी में तैनात रहेगी। इसके अलावा 100 से अधिक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा प्रदान करने में सीआईएसएफ भी सहयोग करेगी।

संयुक्त आयुक्त मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि मेले में 25 देशों के अलावा देश के ज्यादातर राज्य हिस्सा ले रहे हैं। हर साल मेला देखने आने वाले दर्शकों की तादाद में इजाफा होता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले साल से कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

अक्सर देखा गया है कि भीड़ का फायदा उठाकर शरारती तत्व छेड़छाड़ करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूर्वोत्तर के लोगों के लिए स्पेशल टीम बनाने के अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी स्पेशल टीम का गठन किया है।

मेले की तैयारियों ने लगाया जाम
व्यापार मेला शुक्रवार से शुरू हो रहा है, लेकिन बृहस्पतिवार को तैयारियों का जायजा लेने में ही बृहस्पतिवार को प्रगति मैदान के आसपास की सड़कों पर जाम लग गया। देसी-विदेशी कंपनियों समेत अधिकारी व मंत्री यहां गाड़ियों से पहुंच रहे थे। इस बीच व्यापारियों का सामान भी आ रहा था।

वहीं, मेला परिसर को रंग रोगन से सजाने का काम भी चल रहा था। अंदर पार्किंग की व्यवस्था न होने से मथुरा रोड पर गाड़ियां खड़ी कर दी गई थीं जिससे मथुरा रोड पर जाम लग गया। इसके असर से आईटीओ, रिंग रोड, पुराना किला रोड का ट्रैफिक भी बाधित रहा जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें