फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कल से होगा अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले का आगाज, विश्वभर के 700 प्रकाशक पहुंचेंगे

Fri, 04 Jan 2019 06:01 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रेसवार्ता करते बलदेव भाई शर्मा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रगति मैदान में 5 जनवरी से 27वें अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले की शुरुआत होने वाली है। मेले में प्रवेश करने के लिए लोग टिकट मेट्रो स्टेशनों से और ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इस बार मेले में भारत समेत विश्वभर के 700 प्रकाशक अपनी पुस्तकों के साथ पहुंचेंगे। इस बीच दिव्यांगों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग फिल्म फेस्टिवल में 27 देशों की 50 डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई जाएंगी। मेला 13 जनवरी तक सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक लगेगा।

विज्ञापन


राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) द्वारा मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले की तैयारियों के मद्देनजर एनबीटी अध्यक्ष बलदेव भाई शर्मा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में प्रेसवार्ता की गई। इस मौके पर बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि इस बार पुस्तक मेले की थीम ‘दिव्यांगों की पठन आवश्यकताएं’ रखी गई है, इसलिए मेले में विशेष तौर पर दिव्यांग अनुकूल मंडप बनाया जाएगा। मंडप में दिव्यांग पाठकों की आवश्यकताओं से जुड़ी 500 पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही मेले में 250 ब्रेल पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी।     
 
उन्होंने बताया कि प्रगति मैदान के गेट नंबर-1, 8 और 10 से मेले में प्रवेश की सुविधा होगी। यहां प्रवेशद्वार पर दिव्यांगों की सुविधा के लिए व्हील चेयर्स की सुविधा होगी। साथ ही दिव्यांगों की सुविधा के लिए चारों ओर रेलिंग की व्यवस्था होगी। दिव्यांगों के लिए विशेष तौर पर ई-बुक्स भी उपलब्ध रहेंगी।
विज्ञापन


टिकट हुआ सस्ता
इस बार पुस्तक मेले में प्रवेश के लिए 20 और 30 रुपये के टिकट की बजाय 10 और 20 रुपये ही खर्च करने होंगे। आईटीपीओ के कार्यकारी निदेशक दीपक कुमार ने कहा कि पाठकों की सहूलियत के लिए टिकट के दाम कम किए गए हैं।    

मेट्रो स्टेशनों से और ऑनलाइन खरीदें टिकट
आईटीपीओ का कहना है कि पुस्तक मेले का टिकट 50 मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होगा। इन स्टेशनों में राजीव चौक, कश्मीरी गेट, हौज खास, साकेत, एस्कॉर्ट मुजेसर, नोएडा सिटी सेंटर, नेहरू प्लेस, प्रगति मैदान, आनंद विहार, धौला कुआं, दिल्ली यूनिवर्सिटी, लाजपत नगर, जनकपुरी, समयपुर बादली, शाहदरा, द्वारका, दिलशाद गार्डन, कुतुब मीनार, कीर्ति नगर, दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं। पाठक बुक माय शो से भी ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं। इसके साथ ही प्रगति मैदान के प्रवेशद्वार पर भी टिकट उपलब्ध होगा।      

छात्रों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए मुफ्त प्रवेश
आईटीपीओ के कार्यकारी निदेशक दीपक कुमार ने कहा कि मेले में 14 साल से कम आयु के छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग पाठकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। उन्होंने बताया कि इस बीच छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को अपना आयु प्रमाण मेले में प्रवेशद्वार पर दिखाना होगा।      

महात्मा गांधी पर विशेष प्रदर्शनी
पुस्तक मेले में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मद्देनजर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें उन पर आधारित पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी।

मेले में इन देशों के होंगे प्रदर्शक
पुस्तक मेले में बनाए गए विदेशी प्रदर्शक मंडप में आबू धाबी, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, कीनिया, ईरान, जापान, इटली, मैक्सिको, मिस्त्र, पाकिस्तान, पोलैंड, सऊदी अरब, सिंगापुर, स्पेन, श्रीलंका, संयुक्त राज्य अमेरिका सहित 20 से अधिक देश तथा यूनेस्को आदि अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भाग ले रही हैं। हॉल नंबर 7-ए, बी और सी में विदेशी मंडप होगा।      

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें