साइबर सिटी में आतंकी कार में आकर या फिर कांवड़ियों के भेष में हमले को अंजाम देने की फिराक में है। आतंकी संगठन कांवड़ियों के जत्थों में और शिविरों में आकर हमला कर सकते है। आतंकवादियों के हमले का इनपुट पुलिस को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने दिया है।
उसके बाद एजेंसियों ने पुलिस को अलर्ट जारी कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा है। इस इनपुट के बाद गुरुग्राम पुलिस द्वारा कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने रविवार को खुद एडीजीपी लॉ एंड आर्डर मोहम्मद अकिल गुरुग्राम पहुंचे। पुलिस आयुक्त समेत सभी पुलिस मातहतों को आतंकी हमले से संबधित अलर्ट के बारे में जानकारी दी गई।
एडीजीपी मोहम्मद अकिल ने कहा कि गुरुग्राम में कांवड़ यात्रा में कोई घटना न हो। इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा का ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। उसी तर्ज पर गुरुग्राम के 95 प्रतिशत पुलिसकर्मी कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे तैनात रहेंगे। कांवड़ यात्रा में पुलिस आयुक्त से लेकर होमगार्ड तक की ड्यूटी लगाई है। इसके साथ अपने थानों का नेतृत्व एसीपी करेंगे।
खुफिया एजेंसियों से मिला इनपुट
पुलिस को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से हमले की आशंका होने का इनपुट मिला है। जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके साथ ही हरियाणा पुलिस की खुफिया एजेंसी सीआईडी और सिक्योरिटी ब्रांच को भी सतर्क रहने और हमले से संबधित इनपुट जुटाने के लिए कहा है।
अमरनाथ में हुए आतंकी हमले के साथ कांवड़ियों के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियाें से भी बातचीत की जा रही है। सुरक्षा का मामला है। इस पर ज्यादा बताना सही नहीं है।-मोहम्मद अकील ,एडीजीपी लॉ एंड आर्डर