अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बृहस्पतिवार को अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल के साथ शाहदरा उत्तरी जोन के उस्मानपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस मौके पर क्षेत्रीय उपायुक्त अभिषेक कुमार सहित जोन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने ने साफ-सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति, सड़कों की मरम्मत, कूड़ा प्रबंधन और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विस्तार से आकलन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से छोटी गलियों और आंतरिक सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।