लखनऊ में जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया जा रहा है...
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना संकट से जूझ रहे लोगों की मदद में अमर उजाला फाउंडेशन के साथ कई स्वयंसेवी संस्थाएं जुटी हैं। कानपुर में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से कई स्थानों पर सामुदायिक रसोई में भोजन तैयार कर जरूरतमंदों को वितिरित किया गया। आगरा में लगातार तीसरे दिन हिंदुस्तान फाउंडेशन के सहयोग से कई घरों में भोजन के पैकेट वितरित किए गए। लखनऊ में जिला प्रशासन और व्यापारियों के सहयोग से जरूरतमंद लोगों को भोजन मुहैया कराया गया।
गोरखपुर में सेवा भारती सामाजिक आयाम के सहयोग से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया गया। वाराणसी में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से भोजन के पैकेट, खिचड़ी और मास्क वितरित किए गए। मेरठ में जनकल्याण फाउंडेशन और छावनी रामलीला कमेटी के सहयोग से डाबका गांव में लोगों को भोजन कराया गया। शामली शहर में भोजन के पैकेट वितरित किए गए।
प्रयागराज में मिनिस्ट्रियल एशोसिएशन इरिगेशन डिपार्टमेंट के साथ साझा अभियान में राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान अनाज और आलू के पैकेट बांटे गए। गाजियाबाद में नेशनल हाईवे -9 स्थित आईपीईएम कॉलेज के साथ मिलकर गरीबों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। वितरण के लिए भोजन के पैकेट तहसील प्रशासन की टीम को सौंपे गए।
झांसी में जरुरतमंदों के बीच राशन किट वितरित किए गए। थर्मल स्क्रीनिंग-तापमान मापकर लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया गया। फतेहाबाद में फाउंडेशन ने श्री श्याम वेलफेयर सोसाइटी के साथ मिलकर कई जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया।
भिवानी में हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड, जनकल्याण ट्रस्ट कोलकाता व स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के सहयोग से भोजन के पैकेट बांटे। महेंद्रगढ़ (हरियाणा) में यादव सभा, भूतपूर्व सैनिक संघ, राहत ग्रुप के सहयोग से भोजन के पैकेट वितरित किए गए।