फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में मानवता शर्मसार: सड़क पर दम तोड़ रहे शख्स को अस्पताल ले जाने के बजाए, मोबाइल ले भागा युवक, हुई मौत

Tue, 03 Feb 2026 08:00 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान और आरोपी की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
दिल्ली में शर्मनाक घटना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बाहरी जिला के रणहौला इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बीमारी के कारण जमीन पर गिरकर तड़प रहे एक व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाए स्कूटी सवार एक युवक उसका फोन लेकर भाग गया। मदद नहीं मिलने पर तड़पते हुए शख्स ने बाद में दम तोड़ दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत व्यक्ति को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ चोरी का मामला दर्ज कर स्कूटी सवार की भी पहचान करने में जुटी है।

विज्ञापन

बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे विकास नगर के एक मकान के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया। छानबीन के दौरान मृतक के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला और न ही मृतक के पास से कोई दस्तावेज ही मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। पुलिस को पड़ोस के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला। जिसमें मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। फुटेज में दिख रहा है कि शनिवार सुबह करीब चार बजे टहलते हुए एक शख्स को अचानक चक्कर आने लगा और वह चक्कर काटते हुए सड़क के किनारे गिर गया। इसके बाद वह तड़पने लगा। 

उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, इसलिए उस शख्स को कोई मदद नहीं मिली। इस दौरान शख्स तड़पता रहा, तभी वहां एक स्कूटी पर सवार दो लोग आते हैं। उस व्यक्ति को तड़पता देख वह अपनी स्कूटी रोक देते हैं। लगता है कि वह मदद करने के इरादे से रुके हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात सामने आती है कि पिछली सीट पर बैठा युवक तड़प रहे व्यक्ति के पास आता है और उसके जैकेट से निकल रहे मोबाइल फोन को लेकर स्कूटी के पास चला जाता है। फिर वह वापस उस व्यक्ति के पास आता है और उसके जैकेट और पैंट की जेब को टटोलता है, लेकिन उसे कुछ नहीं मिलता है। 
विज्ञापन

इसके बाद वह स्कूटी पर सवार होकर भाग जाता है। तड़प रहे व्यक्ति को कोई मदद नहीं मिलती है। काफी देर तक तड़पने के बाद वह शांत हो जाता है। सुबह करीब आठ बजे एक-एक कर लोग जुटते हैं और फिर पुलिस को घटना की जानकारी देते हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक का मोबाइल चुराने वाले आरोपियों के खिलाफ रणहौला थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी भी पहचान करने में जुटी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें