गुरुग्राम में पत्रकारों से बातचीत करते कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय यादव ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूरे देश की जनता में रोष है कि पाकिस्तान को सबक नहीं सिखाया जा रहा है। अब प्रधानमंत्री को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह निर्णय लेना चाहिए और पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।
शुक्रवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में कैप्टन यादव ने एसवाईएल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और इसे पूरे प्रदेश की जीत बताया।
उन्होेंने कहा कि अब केंद्र व हरियाणा सरकार को जल्द ही नहर का निर्माण करवाकर हरियाणा के लोगों को पानी देने का काम करना चाहिए। इससे पूरे हरियाणा को लाभ पहुंचेगा। कैप्टन ने कहा कि पंजाब की बयानबाजी बेकार है।
यदि पंजाब पानी को रोकेगा तो उस पर कोर्ट की अवहेलना करने का केस लगेगा। जिस तरह कर्नाटक ने तमिलनाडु का पानी रोकने की कोशिश की थी। उस समय कर्नाटक पर भी कोर्ट की अवहेलना करने का मामला चला था। वर्ष 1950 में भारत ने पाकिस्तान को 40 करोड़ रुपये दिए थे, वह दक्षिणी हरियाणा के लिए दिए थे। इसलिए पानी पर हमारा हक है न कि हम इसे खैरात में ले रहे हैं।
रेजांगला दिवस की तैयारी को लेकर अजय सिंह ने मीटिंग ली। यादव ने कहा कि आगामी 18 नवंबर को रेजांगला दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली के माध्यम से हम अपने फौजी भाईयों की वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे को उठाएंगे।
इसके अलावा 18 नवंबर 1962 की रेजांगला की लड़ाई को पाठ्यक्रम की पुस्तकों में डालने की भी मांग रखेंगे। उन्होंने कहा कि रैली में पूर्व मुख्यमंत्री बिहार लालू प्रसाद यादव, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, सीएलपी लीडर किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा, पूर्व मंत्री दुड़ा राम भी आएंगे।