प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में ओमप्रकाश चौटाला एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने एसवाईएल नहीं बनाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, सुप्रीम कोर्ट एसवाईएल के संबंध में दो बार हरियाणा के पक्ष में आदेश दे चुका है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि अभी तक इसे बनाने का कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, कांग्रेस एवं भाजपा के उपेक्षापूर्ण रवैये के कारण एसवाईएल का काम शुरू नहीं हो रहा है।
ऐसे में इनेलो इन दोनों दलों को बेनकाब करने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। कार्यकारिणी की बैठक में इनेलो ने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने पर निंदा प्रस्ताव पास किया। इनेलो नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने वादे के बावजूद स्वामीनाथान रिपोर्ट लागू नहीं की। इसके अलावा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में खास बढ़ोतरी नहीं की। अब बाजरे की फसल खरीदने में किसानों को ठगा जा रहा है।
कार्यकारिणी की बैठक में साधा कांग्रेस, भाजपा पर निशाना
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने प्रदेश इकाई की कार्यकारिणी की बैठक में कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, देश में मौजूदा हालात 1977 और 1989 से भी बदतर हैं, लेकिन देश को इस स्थिति से छुटकारा दिलाने के लिए अब लोकनायक जयप्रकाश और जननायक चौ. देवीलाल नहीं हैं। हालांकि, इन हालातों से उबारने के लिए इनेलो की ओर से शुरू की गई पहल पर अन्य दलों ने चलना शुरू किया है, संभवत: ये दल अपने मिशन में कामयाब होंगे।
चौटाला ने कहा कि देश के लोगों का धन बड़े-बड़े पूंजीपतियों के पास पहुंच रहा है। इस कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। ऐसे हालात तो 1977 और 1989 में भी नहीं थे। दूसरी ओर चौटाला ने पार्टी में मची रार को लेकर भाजपा एवं कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टी इनेलो को खत्म करने का षड्यंत्र रच रही है।