कार्यक्रम में काले कपड़े वालों पर पाबंदी
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित धन्यवाद सभा को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। आम आदमी सेना की ओर से स्याही फेंकने की चेतावनी को देखते हुए पुलिस ने यहां कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे।
यहां तक की सभा में काले कपड़े पहनकर और स्याही वाली पेन लेकर आने वालों को भी प्रवेश नहीं दिया गया। इसके चलते कई सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स सभा में नहीं जा सके।
पहचान पत्र होने पर ही प्रवेश दिया जा रहा था। सभा में आने वालों की हर स्तर पर जांच हो रही थी। लगातार अनाउंस करके बताया जा रहा था कि काले कपड़े और इंक पेन लेकर आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
काली शर्ट पहनकर आया हूं, इसलिए वापस लौटा दिया
केजरीवाल
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
काले कपड़े की वजह से प्रवेश नहीं पाने वाली रूकसार ने कहा कि यह गलत है कि काले कपड़े पहनकर आने पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। अगर ऐसा था तो पहले ही इसकी सूचना देनी चाहिए थी। अब मुझे वापस जाना पड़ेगा।
रोहित कुमार और शहजाद भी बाहर खड़े होकर मुख्यमंत्री पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे। एक अन्य शख्स चैतन्य ने बताया कि काली शर्ट पहनकर आया हूं, इसलिए वापस लौटा दिया। पहले ड्रेस कोड बता देते, तो नहीं आता।
दरअसल, यह सुरक्षा व्यवस्था पहले चरण के सम-विषम के बाद आयोजित धन्यवाद सभा में केजरीवाल पर स्याही फेंके जाने के कारण की गई थी। क्योंकि कुछ दिन पहले ही आम आदमी सेना ने फिर से केजरीवाल पर स्याही फेंकने की धमकी दी थी।