सेक्टर-15 ए के समीप मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे एक कार व मोटर साइकिल की टक्कर में घायल पिज्जा शॉप का डिलीवरी बॉय गंभीर रुप से घायल हो गया। काफी देर तक वह सड़क पर पड़ा रहा। गनीमत यह रही कि एक राहगीर ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
उधर इस हादसे में केस दर्ज करने के मुद्दे पर दो चौकियों की पुलिस रात भर सीमा विवाद में उलझी रही। मामले की जानकारी बुधवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद सेक्टर 15 चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सेक्टर-4 निवासी वाचस्पति पांडेय एक पिज्जा शॉप पर डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे वह बीपीटीपी क्षेत्र के सेक्टर-15 में पिज्जा डिलीवर करने गया था।
इसी दौरान उसकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वाचस्पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, घायल बाइक सवार को देख आरोपी अपनी कार मौके पर ही छोड़ फरार हो गया। काफी देर तक घायल युवक सड़क किनारे पड़ा कराहता रहा।
वहां से गुजर रहे एक राहगीर तुषार ने अपनी कार से घायल को पास ही स्थित मेट्रो अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-15 व सेक्टर-15 ए चौकी पुलिस ने एक-दूसरे के सीमा क्षेत्र का मामला बता कर कार्रवाई करने से हाथ पीछे खींच लिया। सीमा विवाद का यह ड्रामा पूरी रात चलता रहा। बुधवार सुबह सेक्टर 15 पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर मौके से मोटर साइकिल व कार को हटवाया।
पुलिस के मुताबिक वाचस्पति सेक्टर 15 के गेट के समीप ग्राहक की लोकेशन सर्च कर रहा था। इसी दौरान पीछे आ रही कार ने टक्कर मार दी। मौके से मिली कार पलवल के गांव दुधोला निवासी के नाम पर पंजीकृत हैं। पुलिस कार मालिक से संपर्क साध कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।