डीसीपी साउथ वेस्ट रोहित मीना ने कहा, 'हमें जानकारी मिली कि सुबह करीब 4:15 बजे कई स्कूलों को एक ही ईमेल भेजा गया था। हमने कार्रवाई की और स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया। छात्रों को घर वापस भेजा गया। सभी स्कूलों में जांच चल रही है और हमारी तकनीकी शाखा ईमेल की जांच कर रही है, ऐसा लगता है कि यह एक सामूहिक ईमेल है। मैं छात्रों और अभिभावकों से शांत रहने का अनुरोध करना चाहता हूं घबराने की जरूरत नहीं है। हम प्रत्येक स्कूल की जांच करा रहे हैं और स्कूल प्रशासन के संपर्क में हैं।'
पूर्वी दिल्ली की डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने कहा, 'सूचना मिलने के बाद हमारी टीमें मौके पर पहुंचीं और छात्रों को उनके घर वापस भेज दिया गया है। बम निरोधक दस्ते की मदद से चेकिंग की जा रही है। हम सभी से अपील करते हैं कि घबराने की जरूरत नहीं है।'
वहीं, दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी पर DCP देवेश कुमार महला ने कहा, "हमने सभी स्कूलों की जांच कर ली है। कहीं पर भी कुछ नहीं मिला है।'
उपराज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट
दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों में बम की धमकी पर दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने ट्वीट कर कहा, 'पुलिस कमिश्नर से बात की और दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में बम की धमकी पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी। दिल्ली पुलिस को स्कूल में गहन तलाशी लेने का निर्देश दिया। परिसर, दोषियों की पहचान करें और सुनिश्चित करें कि कोई चूक न हो। मैं अभिभावकों से अनुरोध करता हूं कि वे घबराएं नहीं और स्कूलों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन के साथ सहयोग करें।'
वहीं, एलजी ने बताया कि जैसे ही इसकी खबर स्कूलों में आई है। इसके बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीम भी मौजूद हैं। मैं जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि दिल्ली पुलिस पूरी तरीके से मुस्तैद है और हमारी कोशिश होगी कि हम किसी अप्रिय घटना को ना होने दें। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।'
घबराने की जरूरत नहीं है: केंद्रीय गृह मंत्रालय
दिल्ली के कुछ स्कूलों को धमकी भरे मेल के संबंध में एमएचए (गृह मंत्रालय) का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह फर्जी कॉल है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रोटोकॉल के मुताबिक जरूरी कदम उठा रही हैं।
जैसे ही धमकियों की खबर फैली दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने एक बयान जारी कर कहा कि आज दिल्ली के कुछ स्कूलों में बम होने की झूठी कॉल-मेल आए, दिल्ली पुलिस को कहीं भी कुछ भी प्रतिकूल-संदिग्ध नहीं मिला। हमारे सभी छात्र और शिक्षक सुरक्षित हैं। सभी से अनुरोध है कि घबराएं नहीं। अभिभावकों को राहत देने के लिए यदि माता-पिता स्कूल पहुंच गए थे तो छात्रों को स्कूल से जाने की अनुमति दी गई।
एयरपोर्ट्स और उद्योग समूहों पर हमले की धमकी का भी आया था ईमेल
देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स और टर्मिनल पर हमले की धमकी देने का मामला सामने आया। यह धमकी 'टेरराइजर्स 111' नामक संगठन के हवाले से धमकी दी गई। संगठन द्वारा कई लोगों को ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई। जिसके बाद देश के सभी एयरपोर्ट्स और टर्मिनल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। शीर्ष साइबर सिक्योरिटी और आईटी एजेंसियां संदिग्ध ईमेल के स्त्रोत का पता लगाने में जुट गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे संदिग्ध ईमेल भेजा गया। जिसमें नागपुर एयरपोर्ट पर भी हमले का दावा किया गया था। जिसके बाद नागपुर सिटी पुलिस के कमिश्नर रविंद्र सिंघल और उनकी टीम तुरंत एयरपोर्ट पहुंची और शीर्ष अधिकारियों को अलर्ट किया। विस्फोट का पता लगाने वाली और विस्फोटक निष्क्रिय करने वाली टीमें तैनात कर दी गईं।
नागपुर के अलावा, जयपुर और गोवा एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल में कहा गया कि 'हम ये सुनिश्चित करेंगे कि हर तरफ खून बिखरे और हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को मारना चाहते हैं।' ईमेल में कहा गया कि टेरराइजर्स 111 नामक संगठन इसके पीछे है। कुछ हवाई जहाजों में भी बम रखने का दावा किया गया।