इन्फ्लुएंसर 'द स्किन डॉक्टर' गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस ने कारोबारी संजय कपूर की मौत के बाद कपूर परिवार को निशाना बनाते हुए कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. नीलम सिंह को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बुधवार को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
जिले के एक अधिकारी ने बताया कि वसंत कुंज पुलिस स्टेशन में कपूर परिवार की ओर से एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि इन्फ्लुएंसर ने कपूर की मौत के बाद सोशल मीडिया पर "मानहानिकारक और आपत्तिजनक सामग्री" साझा की थी। पुलिस ने बताया कि डॉ. नीलम सिंह, जिन्हें ऑनलाइन "द स्किन डॉक्टर" के नाम से व्यापक रूप से जाना जाता है, आरोपों के प्रारंभिक सत्यापन के बाद उन्हें ट्रैक किया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जांचकर्ता संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रहे हैं और सामग्री का विश्लेषण कर रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी द्वारा पोस्ट किए गए कुछ ट्वीट आपत्तिजनक प्रकृति के थे और उनसे परिवार को मानसिक कष्ट पहुंचा। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर, कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। चोरी, मानहानि और आईटी एक्ट के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस इस बात की जांचकर्ता इस बात की भी बारीकी से जांच कर रहे हैं कि क्या कोई अतिरिक्त सामग्री अपलोड की गई थी या बाद में उसे हटा दिया गया था। पुलिस इस मामले से संबंधित बयान दर्ज करने और डिजिटल सबूत इकट्ठा करने की प्रक्रिया में हैं। अधिकारी ने कहा कि जांच के हिस्से के रूप में, सामग्री पोस्ट करने के लिए इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा सकती है।