आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों ने दुर्लभ बीमारी की पहचान की
-शुरुआत में गिलियन-बैरे सिंड्रोम का था संदेह, इलाज के बाद बच्चे की हालत में हुआ सुधार
सिमरन
नई दिल्ली। तेज बुखार के बाद 11 महीने के बच्चे के हाथ-पैरों ने काम करना बंद कर दिया। सांस लेने और निगलने में भी परेशानी होने लगी। शुरुआत में डॉक्टरों को गिलियन-बैरे सिंड्रोम का संदेह हुआ, लेकिन एमआरआई जांच में रीढ़ की हड्डी में सूजन से जुड़ी एक दुर्लभ बीमारी का पता चला। डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टरों ने समय पर बीमारी की पहचान कर इलाज शुरू किया, जिसके बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ।
यह मामला अस्पताल के बाल रोग विभाग के डॉक्टरों ने एक मेडिकल जर्नल में प्रकाशित किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चा पहले पूरी तरह स्वस्थ था और उसका विकास सामान्य था। तेज बुखार और सांस संबंधी परेशानी के बाद उसके बाएं पैर में कमजोरी शुरू हुई। कुछ ही घंटों में दायां पैर भी प्रभावित हो गया। अगले दो दिनों में कमजोरी शरीर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। बच्चा बिना सहारे बैठने में असमर्थ हो गया। अस्पताल के डॉ. विभु अग्रवाल के अनुसार, शुरुआती जांच में बच्चे की मांसपेशियों में ढीलापन और रिफ्लेक्स गायब पाए गए थे।
एमआरआई में गर्दन से कमर तक सूजन के संकेत
लक्षणों के आधार पर डॉक्टरों ने शुरुआत में गिलियन-बैरे सिंड्रोम की आशंका जताई और इम्युनोग्लोबुलिन से इलाज किया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर हाई फ्लो नेजल कैनुला से ऑक्सीजन देनी पड़ी। इसके बाद रीढ़ की हड्डी का एमआरआई कराया गया। इसमें गर्दन से लेकर कमर तक रीढ़ की हड्डी के कई हिस्सों में सूजन के संकेत मिले। इस स्थिति को लॉन्गिट्यूडिनली एक्सटेंसिव ट्रांसवर्स मायलाइटिस (एलईटीएम) कहते हैं। जांच में एमओजी और एक्वापोरिन-4 एंटीबॉडी भी निगेटिव मिलीं। डॉक्टरों ने इसे इडियोपैथिक एलईटीएम माना, यानी ऐसी स्थिति जिसका स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया।
दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर भी हुए प्रभावित
बीमारी के कारण बच्चे में ऑटोनॉमिक डिसफंक्शन के लक्षण भी सामने आए। दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव के साथ अत्यधिक पसीना आने तथा पेशाब और मल त्याग में परेशानी होने लगी। डॉक्टरों ने धड़कन और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने के लिए दवा दी। निगलने में दिक्कत के कारण नली के जरिये भोजन दिया गया। इस दौरान बच्चे की लगातार निगरानी की गई।
स्टेरॉयड इलाज से सांस लेने में हुआ सुधार
एमआरआई में बीमारी की पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों ने हाई डोज इंट्रावीनस मिथाइलप्रेडनिसोलोन दिया। इसके बाद बच्चे की सांस लेने और निगलने की क्षमता में सुधार होने लगा। धीरे-धीरे ऑक्सीजन सहायता हटा दी गई और वह मुंह से भोजन लेने लगा। दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर भी स्थिर हो गए। अस्पताल से छुट्टी के समय बच्चे के हाथों की ताकत में सुधार था, लेकिन पैरों में कमजोरी बनी हुई थी। छह सप्ताह बाद वह कम सहारे से बैठने लगा। उसकी आगे की रिकवरी के लिए फिजियोथेरेपी और न्यूरो-रिहैबिलिटेशन जारी रखा गया।