अभयखंड चौकी के सामने मंगलवार रात महिला पर जानलेवा हमले में पूर्व परिचित ने उनकी बेटी ज्योति (19) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी जबकि दामाद ललतेश (21) घायल हो गया। हमलावर ने महिला की दूसरे युवक से दोस्ती के विरोध में उन पर जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद हमलावर भाग गया। महिला ने पुलिस की मदद से बेटी और दामाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को खोड़ा अंडरपास से चाकू के साथ दबोच लिया। उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस को हत्या का मुकदमा कराया है।
बिहार के थाना अमरपुर ग्राम समनपुर निवासी चम्पा देवी बेटी ज्योति के साथ मकनपुर में पिछले छह साल से दीपक त्यागी के मकान में किराए पर पति डबूल शाह से अलग रहती हैं। वह ई-रिक्शा चलाकर गुजारा करती हैं। छह महीने पहले उन्होंने ज्योति की शादी बसंतपुर संभल निवासी ललतेश पुत्र कल्याण सिंह से की थी। चम्पा अक्सर बीमार रहती हैं।
मंगलवार सुबह ज्योति पति ललतेश के साथ उनकी देखभाल करने आई थी। चम्पा ने बताया कि छह साल पहले उनकी मुलाकात बोबी पुत्र कन्छी निवासी मकनपुर से हुई थी। दोनों दो साल तक सम्पर्क में थे। इस दौरान बोबी नोएडा और देहरादून से चोरी, लूट व अन्य मामले में जेल चला गया। इसके बाद उनकी जान-पहचान अजय निवासी मकनपुर से हो गई। करीब 15 दिन पहले बोबी जेल से छूटकर बाहर आ गया। उसे चम्पा की अजय से दोस्ती के बारे में पता चला तो उसने फोन पर बात की, जिसमें अजय से दोस्ती का विरोध करते हुए चम्पा को अपने साथरखने का दबाव बनाया।
इससे अजय भड़क गया। वह रात में ही चम्पा के घर गया। वहां बोबी को लेकर उनकी कहासुनी हा गई। गाली-गलौज करने पर चम्पा पुलिस में शिकायत करने जा रही थी। रात करीब दस बजे जैसे ही वह अभयखंड चौकी के सामने पहुंची तो साईं मंदिर रोड पर अजय खड़ा था। इस बीच बोबी भी वहां पहुंच गया। उसे लगा कि चम्पा और अजय देनों एक साथ हैं। गुस्से में उसने चम्पा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। तभी पीछे से आ रही बेटी ज्योति और दामाद ने बचाव किया तो आरोपी बोबी ने ज्योति के सीने पर चाकू मारकर हत्या कर दी। दूसरी बार में ललतेश पर हमले कर उसे भी घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल ज्योति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
लहूलुहान हालत दंपती को सड़क पर पड़ा छोड़कर भागा आरोपी:
घटनास्थल पर आरोपी बोबी दोनों को लहूलुहान हालत में सड़क पर छोड़कर भाग गया। चम्पा शोर मचाते हुए चौकी पहुंची और पुलिस को घटना बताई। पुलिस ने तुरंत आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। टीम ने आरोपी बोबी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी। पीड़िता चम्पा का आरोप है कि बोबी एक और आरोपी के साथ गाड़ी में बैठकर घटना को अंजाम देने आया था।
इंदिरापुरम एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि महिला की दूसरे युवक से दोस्ती के विरोध में आरोपी ने चाकू से हमला किया था। चाकू से हत्या करने के मामले में आरोपी बोबी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर घटना की जानकारी ली गई।
-------------------------------