इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शुक्रवार दोपहर दो विमान आमने-सामने से टकराने से बच गए। पूरा वाकया सुबह 11 बजे का है। इंडिगो का एक एयरक्राफ्ट दिल्ली के एयरपोर्ट के रनवे नंबर 27 पर उतरने जा रहा था।
इसी वक्त रनवे नंबर 28 से एयर इंडिया के एक विमान को उड़ान भरनी थी। सूत्रों की मानें तो अंतिम पलों में दोनों विमानों के पायलट ने समझदारी दिखाई। वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
सूत्रों की मानें तो दोनों रनवे समानांतर नहीं हैं। द्वारका की तरफ दोनों एक-दूसरे में मिल जाते हैं। करीब 11 बजे 122 मुसाफिरों के साथ गोवा के लिए उड़ान भर रहे एयर इंडिया के विमान को एटीसी ने हरी झंडी दे दी।
एयर इंडिया का विमान रनवे नंबर 28 पर था। लेकिन रनवे पर आगे बढ़ते ही करीब 11.15 बजे एटीसी ने पायलट को विमान वापस लाने को कहा। एयर इंडिया के पायलट ने बेहद समझदारी से विमान रोका और वापस टर्मिनल पर सुरक्षा जांच के लिए पहुंचा दिया।