एक तरफ दिल्ली में हड्डी गलाने वाली ठंड पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर इस मौसम को चुनौती देते हुए भारतीय नौसेना के जवानों ने गणतंत्र दिवस के परेड की तैयारी शुरू कर दी है। हर रोज तड़के जब पूरी दिल्ली ठिठुर कर सो रही होती है तो नौसेना के जवान कमर कसकर राजपथ पर रिहर्सल कर रहे होते हैं। सुबह सवेरे शुरू होने वाला यह रिहर्सल शाम में खत्म होता है।
सुबह मार्निंग वॉक करने निकले कुछ लोग इन्हें रिहर्सल करते देखते और इनकी कड़ी मेहनत को सलाम करते हैं। गणतंत्र दिवस को लेकर नौसेना का समर्पण ऐसा है कि प्रतिदिन सुबह पांच बजे शुरू होने वाला यह रिहर्सल शाम 7:30 बजे खत्म होता है। हालांकि घने कोहरे के कारण इसमें परेशानी भी होती है।
हाल में ही विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया था कि ब्रिटेन के नव निर्वाचित राष्ट्रपति बोरिस जॉनसन इस बार गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। यह भारत और ब्रिटेन के संबंधों के नए युग का परिचायक होगा।
मालूम हो कि इस बार गणतंत्र दिवस के परेड में राम मंदिर की झांकी भी दिखाई जाएगी। इसमें अयोध्या के इतिहास और पौराणिकता का दृश्य भी नजर आएगा।