टीवी के म्यूजिक शो इंडियन आइडल में हिस्सा ले चुके युवक को पुलिस ने झपटमारी में गिरफ्तार किया है। झपटमारी की ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम देने की वजह से उसे रणहौला थाने का घोषित बदमाश करार दिया गया था।
हाल में तिहाड़ जेल से निकलने के बाद वह फिर से वारदात को अंजाम देने लगा था। वारदात के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद से विकासपुरी थाना पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। बदमाश के पास से पुलिस को एक पिस्टल, कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक केटीएम बाइक मिली है। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से पांच मामले सुलझाने का दावा किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान उत्तम नगर निवासी सूरज उर्फ फाइटर के रूप में हुई है। इस पर पहले से 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 में जनकपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर इसके कब्जे से 49 मोबाइल फोन बरामद किए थे। अरविंदो कॉलेज से स्नातक कर चुका सूरज ताइक्वांडो में गोल्ड मेडलिस्ट रहा है।
अच्छा गायक होने की वजह से वह टीवी के म्यूजिक शो इंडियन आइडल सेशन चार में हिस्सा ले चुका है, और अंतिम पचास प्रतियोगी में शामिल रहा है। उसके बाद से लगातार झपटमारी की वारदात को अंजाम देने पर उसे रणहौला थाना पुलिस ने घोषित बदमाश करार दिया था। विकासपुरी इलाके में बीते पांच अगस्त को एक युवक ने झपटमारी की शिकायत की थी। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की।
जिसमें दो बदमाशों की तस्वीर कैद हो गई थी। पुलिस ने विकास नगर निवासी रवि नाम के बदमाश की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रवि ने सहयोगी सूरज के बारे में बताया। रवि ने बताया कि हाल ही में वह तिहाड़ जेल से निकलने के बाद वारदात को अंजाम देने लगा है।
पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी लेकिन वह गायब था। पुलिस ने उस पर निगरानी रखा और 21 अगस्त को मच्छी मार्केट से गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि उसके पास से बरामद केटीएम बाइक राजेंद्र नगर इलाके से चुराई गई है।