कैंसर सर्वाइवर माह के अवसर पर जुटे डॉक्टर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कैंसर के आधुनिक उपचारों को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के लिए एक समन्वित राष्ट्रीय रणनीति तैयार करने की जरूरत है। यह बात मंगलवार को इंडियन कैंसर सोसाइटी (आईसीएस) द्वारा आयोजित परिचर्चा में कैंसर विशेषज्ञों ने कहीं। इस चर्चा का आयोजन कैंसर सर्वाइवर माह के अवसर पर किया गया। जिसमें आधुनिक कैंसर उपचार तक मरीजों की समान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एम्स दिल्ली के आईआरसीएच में मेडिकल ऑन्कोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. अजय गोगिया ने कहा कि कैंसर उपचार में प्रगति का मतलब हर मरीज को सबसे नई दवा देना नहीं बल्कि उसके लिए सबसे उपयुक्त उपचार चुनना है। दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में क्लीनिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. प्रज्ञा शुक्ला ने कहा कि जब तक सबसे गरीब मरीज तक आधुनिकतम इलाज नहीं पहुंचेगा, तब तक कैंसर के खिलाफ हमारी लड़ाई पूरी तरह सफल नहीं मानी जा सकती। इंडियन कैंसर सोसाइटी की अध्यक्ष ज्योत्सना गोविल ने कहा कि कैंसर उपचार एक नए वैज्ञानिक दौर में प्रवेश कर चुका है। इस प्रगति का लाभ हर जरूरतमंद मरीज तक पहुंचे यह सबसे बड़ी चुनौती है। इंडियन कैंसर सोसाइटी की प्रबंधन समिति के सदस्य और राष्ट्रीय कैंसर रोकथाम एवं अनुसंधान संस्थान के पूर्व निदेशक डॉ. रवि मेहरोत्रा ने कहा कि वैज्ञानिक प्रमाणों और वास्तविक अनुभवों के आधार पर उपचारों को प्राथमिकता देने से सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा।