संकरी गलियों तक पहुंचेगी सफाई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने शाहदरा उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंगलवार को 76 नए स्वच्छता संसाधनों को सेवा में शामिल किया। शास्त्री पार्क स्थित महावीर स्वामी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने इन वाहनों और उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगम आयुक्त संजीव खिरवार, पार्षद पंकज लूथरा भी मौजूद थे।
एमसीडी के अनुसार, 76 नए स्वच्छता संसाधनों में 52 वाहन शाहदरा उत्तरी और 24 वाहन दक्षिणी क्षेत्र को दिए गए हैं। इनमें 24 टिपर, 10 हुक लोडर, 28 बैटरी रिक्शा, मिनी आरसी और मिनी डम्पर शामिल हैं। इन आधुनिक वाहनों के जरिए विशेष रूप से संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में कूड़ा उठाने और सफाई कार्य को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि एमसीडी और स्वच्छता एक-दूसरे के पर्याय हैं और राजधानी को कूड़ा मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए संसाधनों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान को भी सराहा।
प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली केवल एमसीडी की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। आधुनिक संसाधनों के शामिल होने से हर गली और मोहल्ले तक बेहतर सफाई व्यवस्था पहुंच सकेगी। वहीं सत्या शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 तक दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है।