संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। गुरुकुलम फाउंडेशन ने एचसीएल कॉन्सर्ट्स के सहयोग से चौथे ग्लोबल कर्नाटक कॉन्क्लेव के तहत वन वॉयस–मैनी ट्रेडिशन्स संगीत संध्या का आयोजन किया। इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के सीडी देशमुख ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री, संगीत कलानिधि और शेवेलियर सम्मानित प्रख्यात कर्नाटक गायिका विदुषी अरुणा साईराम ने प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उनके साथ वायलिन पर विद्वान दिल्ली आर. श्रीधर, वीणा पर विदुषी वाईजी श्रीलता निक्षित, मृदंगम पर विद्वान के. साई गिरिधर, घटम पर विद्वान आर. कृष्णकुमार और तबला पर विद्वान शंभूनाथ भट्टाचार्य ने संगत की। कार्यक्रम में कर्नाटक संगीत की विविध परंपराओं और भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध विरासत का मनोहारी संगम देखने को मिला। इस मौके पर गुरुकुलम फाउंडेशन ने कहा, संस्था का उद्देश्य दक्षिण भारत के उत्कृष्ट कर्नाटक संगीत को दिल्ली-एनसीआर के श्रोताओं तक पहुंचाना और नई पीढ़ी में भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि विकसित करना है।