वसंतकुंज (साउथ) थाना क्षेत्र में दो वर्ष की मासूम के साथ दरिंदगी व इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पिता का मौसा और उसका साथी मासूम के साथ पिछले पांच-छह दिन से सामूहिक दुष्कर्म व अश्लील हरकतें कर रहे थे। इसके लिए वह बच्ची को नशीला पदार्थ देते थे।
काम पर गई मां के आने पर इस दरिंदगी का पता चला। मासूम को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त रोहिण मीणा ने बताया कि बच्ची के पिता के मौसा को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जा रही है। इस मामले में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
पीडि़त बच्ची मां व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घिटोरनी मेट्रो स्टेशन के पास रहती है। पास में बच्ची के पिता का मौसा रहता है। उसकी मां ने सोमवार सुबह पुलिस को पीसीआर कॉल कर सूचना दी। मौके पर पहुंची जांच अधिकारी महिला एसआई अलीशा को मौके पर पीडि़त व उसकी मां मिली। एसआई ने बच्ची की हालत को देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। आईसीयू में भर्ती मासूम की डाक्टर 24 घंटे निगरानी रख रहे हैं। बच्ची की मां बयान पर पुलिस ने 6 पोक्सो और दुष्कर्म का मामला दर्जकर पीड़िता के पिता के मौसा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बच्ची के साथ पिछले पांच-छह दिन से अश्लील हरकतें कर रहे थे। ये बच्ची को नशीला देकर उसे हमेशा नशे में रखते थे। इस दौरान उसकी मां काम पर कहीं गई थी। लौटने पर बीमार बच्ची को देखकर उसे घटना का पता चला। मां ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मासूम की मां ने शुरूआत जांच में पति के मौसा पर आरोप लगाए हैं। जांच में दूसरे आरोपी की भूमिका भी सामने आ रही है।