दिल्ली में पिछले छह दिनों में होम आइसोलेशन वाले कोरोना मरीजों की संख्या में 1804 का इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि सिनेमा हॉल खुलने, प्रदूषण बढ़ने और त्योहारी मौसम में सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ना इसका कारण हो सकता है।
आंकड़ों के अनुसार 18 अक्तूबर को होम क्वारंटीन वाले मरीजों की संख्या 13,742 थी, जबकि 2770 कंटेनमेंट जोन थे। सोमवार को इस आंकड़े में बढ़ोतरी हुई और होम क्वारंटीन वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 14,164, जबकि कंटेनमेंट जोन बढ़कर 2782 हो गए।
सोमवार को दिल्ली में 31 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां कुल मौतों का आंकड़ा 6040 हो गया है। इसी तरह 2154 नए मामले सामने आए और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3.33 लाख हो गया है।
सांस के रोगियों को सावधान रहना होगा
एलएनजेपी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सुरेश कुमार बताते हैं कि थियेटर खुल गए हैं, बाजार खुल गए हैं और लोगों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इससे संक्रमण बढ़ने की गुंजाइश भी अधिक हुई है।
अस्थमा, सीओपीडी के मरीजों में ऑक्सीजन का स्तर कम होने का खतरा ज्यादा है। इम्युनिटी कम होने के कारण संक्रमण की भी संभावना अधिक है। प्रदूषण महामारी में और घातक हो सकता है। सांस के रोगी अपना ध्यान रखें।