अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के मुख्यालय के लिए बनने वाले भवन के शिलान्यास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 121 देशों के राजदूत भी मौजूद रहेंगे। सुरक्षा को लेकर ढाई हजार से अधिक पुलिस के जवानों को लगाया गया है।
पेरिस में जलवायु परिवर्तन पर हुई बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के सुर्खियों में आने के बाद संस्थान के परिसर में ही पांच एकड़ क्षेत्रफल में यह भवन बनाया जाएगा।
जिसका निर्माण होने में दो साल का समय लगेगा। प्रधानमंत्री इस भवन का शिलान्यास करेंगे। जब तक यह भवन बनकर तैयार होगा, उस समय तक के लिए 121 देशों के लिए सूर्य भवन के प्रथम व दूसरे तल को मुख्यालय के लिए दिया गया है।
शिलान्यास के दौरान यहां पर फ्रांस के राष्ट्रपति ओलांद व उनके साथ आया प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा। इसके साथ ही 121 देशों के राजदूत भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की सुरक्षा में 20 आईपीएस व ढाई हजार से अधिक पुलिस के जवानों को तैनात किया जाएगा।